नई दिल्ली. बाबर आजम (Babar Azam) की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम में दरार की खबरें आ रही है. बताया जा रहा है कि एशिया कप (Asia Cup) से बाहर होने के बाद पाकिस्तान की ड्रेसिंग रूम में बवाल हो गया.
कप्तान बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi) के आमने सामने आने की खबर है. रिपोर्ट के मुताबिक विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) ने बीच बचाव किया. हालांकि इन सबके बीच पाकिस्तान टीम के पूर्व ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज (Mohammad Hafeez) यानी ‘प्रोफेसर’ बाबर के बचाव में उतर आए हैं. हफीज का कहना है कि पाक टीम की एशिया कप से बाहर होने का दोष सिर्फ बाबर के सिर क्यों मढ़ा जा रहा है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की तकनीकी समिति के सदस्य मोहम्मद हफीज ने अगले महीने भारत में होने वाले विश्व कप से पहले कप्तान बाबर आजम का समर्थन करने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने की बात कही है. हफीज ने बाबर की कप्तानी की आलोचना का जिक्र करते हुए कहा कि एशिया कप में पाकिस्तान की हार के लिए सिर्फ उन्हें ही जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.











